Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज लापरवाही पड़ी भारी, बदमाश ने उड़ाया एक लाख रुपए से भरा थैला

लापरवाही पड़ी भारी, बदमाश ने उड़ाया एक लाख रुपए से भरा थैला

पीड़ित रामधन खटीक

केकड़ी, 19 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर के कोटा रोड इलाके में अज्ञात बदमाश ने एक मोपेड पर थैले में रखे एक लाख रुपए पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने इसकी रिपोर्ट शहर थाना पुलिस को दी है। पीड़ित रामधन खटीक पुत्र रामप्रताप खटीक निवासी मेवदकलां ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को पाल टाकीज के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से अपने खाते से दो लाख रुपए निकलवाए तथा उनमें से एक लाख रुपए अपने एक परिचित को दे दिए। बाकी रुपए व बैंक पासबुक समेत अन्य दस्तावेज एक थैले में रख लिए और थैले को मोपेड पर लटका दिया।

थैला लेकर रफूचक्कर हुआ बदमाश इसके बाद रामधन कोटा रोड पर एक चाय की दुकान पर चाय पीने रुक गया। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उसकी मोपेड से थैला लेकर रफूचक्कर हो गया। जब चाय पीकर वह मोपेड के पास पहुंचा तो उसे थैला वहां से गायब मिला। जिससे उसके होश उड़ गए। उसने आसपास काफी तलाश की मगर थैला कहीं नहीं मिला। जिसके बाद उसने सिटी थाने पहुंच कर रिपोर्ट दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाश की तलाश में जुट गई है।