Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 200 से अधिक सीसीटीवी...

ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालकर पुलिस ने किया खुलासा

केकड़ी: सदर थाना पुलिस की गिरफ्त में ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी का आरोपी।

केकड़ी, 18 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सदर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, जयपुर, दौसा और भरतपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके बाद चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद कर मामले में मुख्य आरोपी की पहचान करते हुए उसे शाहपुरा जिला भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया गया। सदर थानाधिकारी मुकेश गोरा ने बताया कि गत 5 अक्टूबर 2026 को कादेड़ा निवासी लेखराज (42) पुत्र हीरालाल कीर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसने अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के सामने खड़ा किया था, जो सुबह मौके से गायब मिला। आसपास और रिश्तेदारी में तलाश करने तथा ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इस पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

तकनीकी संसाधनों की ली मदद: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी मनोज गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर विभिन्न मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ीं। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया और अब मामले के एक अन्य मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश रेगर (36) पुत्र रामेश्वर रेगर निवासी दरिबा थाना पुर जिला भीलवाड़ा हाल 100 फीट रोड बालाजी विहार कॉलोनी थाना गांधी नगर जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है। कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश गोरा, एएसआई भंवरलाल, कांस्टेबल रमेशचन्द एवं जीतराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अनुसंधान जारी है।