Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के...

सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवरात बरामद

केकड़ी: शहर थाना पुलिस की गिरफ्त में चोरी का आरोपी।

केकड़ी, 17 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार अच्छन कंवर कॉलोनी निवासी भगवान सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह राजपूत ने 29 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 28 अगस्त को वह अपने परिवार के साथ सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पैतृक गांव देवगांव गए हुए थे। अगले दिन वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा हुआ मिला तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी गायब मिले। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी।

मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता: तकनीकी संसाधनों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पटेल मैदान हाल आरके कॉलोनी ब्यावर रोड निवासी प्रिन्स वैष्णव (20) पुत्र केदार वैष्णव को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच चांदी के सिक्के, दो सोने के लौंग एवं एक सोने की रखड़ी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी, एएसआई नारायणराम, कांस्टेबल पुखराज (विशेष योगदान) एवं कांस्टेबल दिनेश (विशेष योगदान) ने अहम भूमिका निभाई है।