केकड़ी, 21 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़, मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के मामले में करीब 40 दिन से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। जबकि मामले में शामिल अन्य सहअभियुक्तों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील एवं वृत्ताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मस्तराम वैष्णव (25) पुत्र दिनेश वैष्णव निवासी रामपुरा थाना केकड़ी शहर को गिरफ्तार किया है।

पेट्रोल पंप पर घुसकर की थी तोड़फोड़ व मारपीट: पुलिस के अनुसार गत 8 अक्टूबर 2026 को आदर्शनगर सरवाड़ निवासी अंकुर मीणा (35) पुत्र शिवजीराम मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि कुछ लोगों ने उसके पेट्रोल पंप पर अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर उसके तथा सेल्समैन के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। आरोपियों ने सेल्समैन को जान से मारने का प्रयास किया तथा उससे एक लाख रुपए ले गए। साथ ही पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ कर करीब तीन लाख रुपए का नुकसान पहुंचाया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी: रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस एवं एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। पुलिस टीम ने आरोपी के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर तलाश की और करीब 40 दिन बाद उसे गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया। मामले में अन्य सहअभियुक्तों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद, साइबर सेल अजमेर के हेड कांस्टेबल रामराज तथा केकड़ी शहर थाने के कांस्टेबल पुखराज (विशेष योगदान) और धनराज (विशेष योगदान) ने अहम भूमिका निभाई।
संबंधित समाचार पढ़िए…












