केकड़ी, 18 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के टांकावास गांव में बुधवार सुबह एक युवक का लहूलुहान हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव भांडावास जाने वाले रास्ते पर खेत के पास बाइक सहित पड़ा मिला। युवक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

क्या है मामला: प्राप्त जानकारी के अनुसार टांकावास निवासी राकेश कुमार रैगर (36) पुत्र छोटूलाल रैगर मंगलवार रात घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान बुधवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी भांडावास रास्ते के पास उन्हें बाइक सहित राकेश का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी: सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता तथा सावर थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। साक्ष्य संकलन के लिए डॉग स्क्ववाड, एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

कारणों की तलाश में जुटी पुलिस: युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। राकेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल गांव में घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल है।












