केकड़ी, 18 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर की एक आवासीय कॉलोनी से एक युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताते हुए पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने बीएनएस धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार परिवादिया अपने पति के साथ 16 नवंबर को सुबह करीब 11 से 11:30 बजे रिश्तेदार की शादी में शामिल होने भीलवाड़ा गई थी। घर पर अपनी पुत्री को परिवार के अन्य सदस्यों के पास छोड़कर गई थी।

बिना बताए घर से निकली युवती: परिवादिया के अनुसार दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी पुत्री घर से बिना बताए चली गई। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर परिवादिया और उसका पति रात करीब 10 से 10:30 बजे भीलवाड़ा से केकड़ी पहुंचे। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के साथ ही अन्य संभावित स्थानों पर भी पता किया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लगा। इसी दौरान रात करीब 2 बजे बस स्टैंड स्थित एक रेस्टोरेंट के पास तलाश के दौरान परिजनों की मुलाकात एक अन्य परिवार से हुई, जो अपने बेटे के लापता होने की तलाश कर रहा था।

गायब मिले बक्से में रखे जेवर व नकदी: परिवादिया के देवर को जानकारी मिली कि उक्त परिवार का बेटा भी उसी समय से घर नहीं लौटा है। इस आधार पर परिवादिया ने अपने पुत्री के लापता होने के मामले में उस युवक पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है। परिवादिया ने रिपोर्ट में घर के लोहे के बक्से में रखे सोने की बालियां, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछुड़ी तथा करीब 40 से 45 हजार रुपए भी नहीं मिलने की बात कही है। परिजनों ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से शीघ्र तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।













