Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज बोलेरो में आए चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना, आठ तोला...

बोलेरो में आए चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना, आठ तोला सोने के जेवरात सहित चांदी व नकदी पार

केकड़ी: नागोला में चोरों द्वारा बिखेरा गया सामान।

केकड़ी, 17 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के नागोला गांव में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। वारदात को बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए चोरों ने अंजाम दिया। घटना के समय मकान मालिक अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर वापस लौटने पर वारदात का पता चला। घर का सामान बिखरा देखते ही परिवारजन के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलने पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार नागोला निवासी सोकरन गुर्जर पुत्र श्योजी गुर्जर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात करीब तीन बजे बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए अज्ञात चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

यह सामान हुआ चोरी: रिपोर्ट के अनुसार चोर घर में रखे बक्सों को खंगालकर करीब आठ तोला सोने के आभूषण, जिनमें एक रामनामी, दो झूमर, एक जोड़ी झेला और दो नाक की बाली शामिल हैं, चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 100 ग्राम चांदी की तीन अंगूठियां तथा नकदी भी चोर पार कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि उसके साले की मृत्यु हो जाने के कारण वह अपने परिवार सहित ससुराल गया हुआ था। इसी दौरान मकान सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वारदात का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।