Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज शॉर्ट सर्किट से चारे के ढेर में लगी भीषण आग, 100 ट्रॉली...

शॉर्ट सर्किट से चारे के ढेर में लगी भीषण आग, 100 ट्रॉली चारा जलकर राख, केकड़ी व सरवाड़ की दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

केकड़ी, 17 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में रामपाली से प्रान्हेड़ा मार्ग पर रडिया के देवजी मंदिर के समीप खेतों में रखे चारे में मंगलवार शाम शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 100 ट्रॉली चारा जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में 10 से अधिक किसानों को नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4 बजे चारे के ढेर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी चारे पर गिर गई, जिससे आग लग गई। सूखे चारे ने तेजी से आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलने पर केकड़ी नगर पालिका एवं सरवाड़ नगर पालिका की दमकलें भी मौके पर पहुंचीं।

दमकलकर्मियों ने निभाई सक्रिय भूमिका: दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों एवं पानी के दो टैंकरों की मदद से करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान केकड़ी नगर पालिका के दमकलकर्मी मनीष कुमार, सुरेन्द्र एवं सत्यनारायण तथा सरवाड़ नगर पालिका के दमकलकर्मी आजाद, अनमोल सैनी एवं अविनाश चंदेल ने सक्रिय भूमिका निभाई। आगजनी की इस घटना में करीब 100 ट्रॉली चारा जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 से अधिक किसानों का चारा आग की भेंट चढ़ गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।