Wednesday, November 25, 2026
Home क्राइम न्यूज स्कूल पढ़ने गई बालिका का अपहरण, पुलिस ने अपहृत बालिका को बरामद...

स्कूल पढ़ने गई बालिका का अपहरण, पुलिस ने अपहृत बालिका को बरामद कर आरोपी को किया गिरफ्तार

केकड़ी: भिनाय थाना पुलिस की गिरफ्त में बालिका के अपहरण का आरोपी।

केकड़ी, 03 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नाबालिग बालिका को अपहरण कर ले जाने के मामले में केकड़ी जिलान्तर्गत भिनाय थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। केकड़ी जिला पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि भिनाय निवासी परिवादी ने 27 अगस्त 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग साली हमेशा की तरह स्कूल पढ़ने गई, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। आसपास सहित हरसंभव स्थानों पर तलाश की, लेकिन बालिका का कहीं पता नहीं चला। पूछताछ करने पर पता चला कि झीपिया थाना भिनाय निवासी सुरेश रेगर उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने भादसं.की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की।

विशेष टीम का किया गठन मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर आईजी लता मनोज कुमार व केकड़ी पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन कर बालिका व आरोपी को दस्तयाब करने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने बालिका को दस्तयाब कर तफ्तीश शुरु की। जांच के बाद प्रकरण में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई तथा पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवा कर बाल कल्याण समिति न्याय पीठ अजमेर के समक्ष पेश किया गया। इसी के साथ पुलिस ने अनुसंधान तेज करते हुए आरोपी सुरेश रेगर निवासी राजपूत बस्ती, झीपिया थाना भिनाय (27) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने में भिनाय थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा, एएसआई ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल बनवारी लाल व कुन्नाराम एवं कान्स्टेबल शंकरलाल व सराना थाना पुलिस की महिला कांस्टेबल सुनीता ने सराहनीय भूमिका निभाई है।