Tuesday, November 24, 2026
Home क्राइम न्यूज पांच बदमाशों ने महज 6 मिनट में दिया वारदात को अंजाम, शटर...

पांच बदमाशों ने महज 6 मिनट में दिया वारदात को अंजाम, शटर तोड़कर बाइक पर ले उड़े भारी-भरकम तिजोरी, खेत में तोड़कर निकाला माल; 4 लाख के नुकसान का अनुमान

केकड़ी: चोरी की वारदात के बाद मौके पर जमा भीड़।

केकड़ी, 24 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर में बेखौफ चोरों ने मंगलवार अलसुबह हृदयस्थली घंटाघर चौराहे पर स्थित सस्ता किराणा भंडार को निशाना बनाकर पुलिस गश्त को खुली चुनौती दे दी। मुंह ढककर और कंबल ओढ़कर आए पांच बदमाश दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और भारी-भरकम तिजोरी को घसीटकर बाहर ले गए। बाद में चोर तिजोरी को सापंदा रोड स्थित एक खेत में ले गए, जहां उसे तोड़कर नकदी और चांदी के सिक्के सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात में करीब 4 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

बाइक पर ले उड़े भारी-भरकम तिजोरी: प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक पांच बदमाश कंबल ओढ़कर और मुंह ढककर दुकान के बाहर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने शटर को खींचकर तोड़ दिया और तीन बदमाश दुकान के अंदर घुस गए। तीनों ने भारी-भरकम तिजोरी को घसीटते हुए बाहर निकाला, जहां पहले से मौजूद दो अन्य बदमाशों ने तिजोरी को मोटरसाइकिल पर लादा और वहां से फरार हो गए। बदमाशों ने महज छह मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी।

केकड़ी: सापंदा रोड पर टूटी हालत में मिली तिजोरी।

सापंदा रोड पर मिली तिजोरी: बताया जाता है कि वारदात के दौरान आसपास काम करने वाले कुछ लोगों ने बदमाशों को देखकर शोर मचाने का प्रयास किया, लेकिन चोरों ने उनकी तरफ पत्थर फेंककर उन्हें भयभीत कर दिया। इसके बाद बदमाश जूनियां गेट की तरफ भाग निकले। वारदात के कुछ देर बाद चोरी गई तिजोरी सापंदा रोड पर सड़क किनारे स्थित एक खेत में टूटी-फूटी हालत में पड़ी मिली। आशंका है कि बदमाशों ने खेत में तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी और चांदी के सिक्के निकाल लिए तथा खाली तिजोरी वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल: शहर के सबसे व्यस्त घंटाघर चौराहे पर पूरी रात पुलिस गश्त के बावजूद पांच बदमाशों द्वारा महज छह मिनट में तिजोरी चोरी कर ले जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना की जानकारी मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया। सूचना पर शहर थाना पुलिस के एएसआई सम्पतराज मीणा मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी गई तिजोरी बरामद कर ली गई है। वहीं बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया जा रहा है।

केकड़ी: घण्टाघर स्थित सस्ता किराणा भंडार की दुकान, जहां चोरी की वारदात हुई।

पुरानी चोरी की वारदातों का नहीं हुआ खुलासा: शहर में दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदातें पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। गौरतलब है कि 16 जून 2023 को सदर बाजार स्थित कपड़े की एक दुकान का शटर तोड़कर चोर नकदी चुरा ले गए थे। इस वारदात का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई है। इसी प्रकार घंटाघर के समीप स्थित परचूनी सामान की एक दुकान में भी इसी तरीके से हुई चोरी का मामला अब तक अनसुलझा है। ऐसे में एक बार फिर शहर के प्रमुख चौराहे पर हुई बड़ी चोरी की वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।