केकड़ी, 22 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को केकड़ी में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई। अभियान के प्रथम दिन निर्धारित लक्ष्य 6725 बच्चों में से 4707 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर किया। राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन जांगिड़ ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए क्षेत्र में कुल 44 बूथ स्थापित किए गए हैं।

दो दिन चलेगा घर-घर जाकर दवा पिलाने का अभियान: इसके अलावा एक मोबाइल टीम तथा सात ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहे। अभियान में नोडल अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा, राजेंद्र सैनी, राजेंद्र भार्गव, मधुसूदन सोनी, अंकित उपाध्याय एवं शिवपाल धाकड़, टम्मा मीणा सहित अन्य ने सहयोग किया। जांगिड़ ने बताया कि आगामी दो दिन पोलियो दवा से वंचित रहे बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाने का अभियान चलाया जाएगा।













