Sunday, November 22, 2026
Home चिकित्सा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 95 मरीजों की जांच, 38 को मोतियाबिंद...

निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 95 मरीजों की जांच, 38 को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए भीलवाड़ा भेजा

केकड़ी: नेत्र चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करते अतिथि।

केकड़ी, 28 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी की ओर से बुधवार को जयपुर रोड स्थित लायंस भवन में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर रामस्नेही चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र भीलवाड़ा के तत्वावधान में तथा जिला अंधता निवारण समिति अजमेर के आर्थिक सहयोग से स्वर्गीय रतनलाल गोयल एवं स्वर्गीय चांद देवी गोयल की पुण्य स्मृति में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप प्रांतपाल द्वितीय जितेंद्र मित्तल तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रमेश चंद गोयल एवं गोविंद गोयल रहे। अतिथियों ने भगवान गणेश एवं मेलविन जोन्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। अतिथियों का साफा बंधन एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। स्वागत उद्बोधन राजेंद्र सोनी ने दिया। संचालन क्लब प्रशासक दिनेश गर्ग ने किया तथा आभार डॉ. विष्णु प्रसाद तेली ने व्यक्त किया।

नियमित जांच के लिए किया प्रेरित: नेत्र विशेषज्ञ डॉ. प्रतिष्ठा छीपा ने नियमित नेत्र जांच कराने तथा आंखों से संबंधित समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। शिविर प्रभारी राकेश पगारिया ने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी दी। गोविंद गोयल ने शिविर का पुण्यार्जक बनने का अवसर देने पर घमटी राम गोयल परिवार की ओर से आभार जताया। मुख्य अतिथि जितेंद्र मित्तल ने क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। शिविर में 95 मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए आवश्यक परीक्षण के बाद 38 मरीजों को रामस्नेही चिकित्सालय भीलवाड़ा ले जाया गया।

केकड़ी: नेत्र रोगियां की जांच करते चिकित्सक।

सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय है क्लब: डॉ. विष्णु शर्मा ने 31 मरीजों की फिजियोथेरेपी की, जबकि वेलनेस कोच रोमिता पारीक ने 25 मरीजों को स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों की रोकथाम संबंधी परामर्श दिया। क्लब अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि क्लब सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय है। उन्होंने शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले अतिथियों, चिकित्सकों, चिकित्सा टीम, समाजसेवियों एवं क्लब सदस्यों का आभार जताया। शिविर में क्लब सचिव विकास माहेश्वरी, प्रोजेक्ट चेयरमैन कैलाश गर्ग, नरेंद्र मेवाड़ा, अनिल शर्मा, अरिहंत बज, विनय पांड्या, हिमांशु सिंहल, सतीश रांटा, डॉ. बृजेश गुप्ता, भागचंद मूंदड़ा, निरंजन चौधरी, डॉ. राजेंद्र लखारा, राज जेसवानी, सोमेंद्र शर्मा, अरविंद नाहटा, अनिल बंसल एवं जगदीश फतेहपुरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।