केकड़ी, 28 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी की ओर से बुधवार को श्री मिश्रीलाल दुबे पैरामेडिकल महाविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 53 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय दल में डॉ. जुन्नून अली एवं डॉ. अनुश्री नागर ने सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं उपयोगी सुझाव दिए। शिविर संचालन में कंपाउंडर सुनील बिश्नोई, अमित मीणा एवं इंटर्न विद्यार्थी अनिकेत बैरवा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

संस्थान ने जताया चिकित्सा दल का आभार: शिविर के समापन पर श्री मिश्री लाल दुबे पैरामेडिकल महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अविनाश दुबे एवं अनिरुद्ध दुबे ने चिकित्सा दल का आभार व्यक्त किया। शिविर के आयोजन में महाविद्यालय की प्राचार्य भवानी मीणा एवं आशीष प्रजापत का विशेष सहयोग रहा। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।













