Sunday, November 22, 2026
Home चिकित्सा नृत्य-गीतों की प्रस्तुतियों के बीच मनाया विदाई व फ्रेशर समारोह, पूनम शर्मा...

नृत्य-गीतों की प्रस्तुतियों के बीच मनाया विदाई व फ्रेशर समारोह, पूनम शर्मा बनीं मिस फ्रेशर

केकड़ी: राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान में आयोजित फ्रेशर पार्टी में मौजूद छात्राएं एवं संकाय सदस्य।

केकड़ी, 15 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान में शनिवार को एएनएम चतुर्थ बैच की ओर से तृतीय बैच के विदाई समारोह एवं पंचम बैच के स्वागतार्थ फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। समारोह में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। विभिन्न गतिविधियों के आधार पर पूनम शर्मा को मिस फ्रेशर चुना गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नर्सिंग अधीक्षक एवं समाजसेवी गोपाल लाल वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी रामराज शर्मा एवं नगर पालिका पार्षद सीमा देवी शर्मा उपस्थित रहे। वहीं समाजसेवी प्रशांत भारद्वाज एवं युवा उद्यमी कालूराम कुमावत ने अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह के दौरान छात्राओं ने नृत्य, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फ्रेशर पार्टी के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान रामराज शर्मा एवं पार्षद सीमा देवी शर्मा ने विदाई लेने वाली एएनएम तृतीय बैच की छात्राओं तथा नवप्रवेशित पंचम बैच की सभी छात्राओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

उज्ज्वल भविष्य की कामना की: मुख्य अतिथि गोपाल लाल वर्मा ने तीनों बैच की छात्राओं को प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए नर्सिंग सेवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्राओं को सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान प्रभारी कन्हैया टेलर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नर्सिंग पेशे की गरिमा, अनुशासन, सेवा भावना एवं व्यावसायिक नैतिकता को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने विदाई लेने वाली छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एएनएम विद्यार्थियों मनीषा बुनकर, अंजली साहू, अनीता जाट, दिशा कंवर एवं संजू सैनी ने किया। इस अवसर पर नर्सिंग ट्यूटर दामोदर प्रसाद, अनीता जांगिड़, समता गुर्जर, दुर्गेश चौहान, अंकित उपाध्याय, दिलीप साहू, मधु सींगला एवं संस्थान के पूर्व प्रभारी सुरेंद्र बड़ौला सहित समस्त संकाय सदस्य एवं छात्राएं मौजूद रहीं।