Wednesday, November 25, 2026
Home राजनीति पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ केकड़ी में चुनावी सरगर्मियां...

पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ केकड़ी में चुनावी सरगर्मियां तेज, दावेदारों ने कसी कमर, टिकट की जुगत में लॉबिंग शुरू; पोस्टर-बैनर और सोशल मीडिया के जरिए बढ़ा रहे सक्रियता

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 03 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही केकड़ी क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संभावित दावेदारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचायत समिति प्रधान का पद इस बार सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने से राजनीतिक दलों में दावेदारों की सक्रियता और बढ़ गई है। टिकट की जुगत में संभावित प्रत्याशी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और आलाकमान से नजदीकियां बढ़ाने में जुट गए हैं।

जल्द शुरू होगी प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया: केकड़ी पंचायत समिति में कुल 15 वार्ड हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए केकड़ी में पहले चरण में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही संभावित दावेदारों ने समर्थकों के साथ संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। कई दावेदार पोस्टर-बैनर के जरिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं, वहीं सोशल मीडिया भी प्रचार और जनसंपर्क का प्रमुख माध्यम बन गया है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में दावेदारों की सक्रियता के साथ चुनावी माहौल और गरमाने के आसार हैं।

पंचायत समिति वार्डों में यह है आरक्षण: केकड़ी पंचायत समिति के 15 वार्डों में वार्ड 5 एवं 12 अनुसूचित जाति (एससी) सामान्य, वार्ड 4 एवं 9 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड 10 अनुसूचित जनजाति (एसटी), वार्ड 6 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सामान्य तथा वार्ड 7 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। वार्ड 3, 11, 14 एवं 15 अनारक्षित महिला तथा वार्ड 1, 2, 8 एवं 13 अनारक्षित सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित हैं।

8 अक्टूबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया: जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू होगी। नामांकन 13 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। 14 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 15 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आवश्यक होने पर 23 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर की जाएगी।

प्रधान का चुनाव 27 नवंबर, उप प्रधान 28 नवंबर को: पंचायत समिति प्रधान का चुनाव 27 नवंबर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा। दोनों दिन सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा अपराह्न 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यक होने पर अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

22 ग्राम पंचायतों में 25 अक्टूबर को पंच-सरपंच चुनाव: केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 22 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें पंच एवं सरपंच के लिए 25 अक्टूबर तथा उप सरपंच के लिए 26 अक्टूबर को चुनाव होंगे। पंच-सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को सुबह 8 से पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। सुबह 11.30 बजे नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा अपराह्न 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यक होने पर 25 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। उप सरपंच का चुनाव 26 अक्टूबर को होगा।

ग्राम पंचायतों में यह है आरक्षण: आरक्षण व्यवस्था के अनुसार रामपाली, बघेरा एवं जूनिया ग्राम पंचायतें अनुसूचित जाति महिला, कादेड़ा, खवास एवं लसाड़िया अनुसूचित जाति, कोहड़ा अनुसूचित जनजाति, नायकी एवं अजगरा ओबीसी तथा मानखण्ड एवं निमोद ओबीसी महिला के लिए निर्धारित हैं। वहीं भीमड़ावास, कणौंज, भराई, देवगांव, मेवदा कलां एवं सलारी ग्राम पंचायतें सामान्य महिला वर्ग तथा लल्लाई, कालेड़ा कृष्ण गोपाल, मोलकिया, सरसड़ी एवं प्रान्हेड़ा ग्राम पंचायतें सामान्य/अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित हैं।