केकड़ी, 05 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): दीपावली के पावन पर्व पर शहर के वार्ड नंबर 37 में इस बार रोशनी और उत्साह का विशेष नजारा देखने को मिल रहा है। वार्ड पार्षद विनीत जैन (चौरड़िया) ने अनूठी पहल करते हुए अपने निजी खर्चे पर पूरे वार्ड में आकर्षक विद्युत सजावट करवाई है। साथ ही वार्ड में रहने वाले प्रत्येक परिवार को दीपावली पूजन सामग्री का किट भी प्रदान किया जा रहा है। पार्षद की इन दोनों पहलों से वार्डवासियों में खासा उत्साह है। वार्ड की गलियों और प्रमुख स्थानों को रंग-बिरंगी विद्युत लाइटों, आकर्षक झालरों एवं रोशनी से सजाया गया है। रात होते ही पूरा वार्ड जगमगाने लगता है और दीपावली की रौनक देखते ही बनती है। निजी खर्चे पर करवाई गई इस सजावट से वार्ड की गलियों में उत्सवी माहौल बना हुआ है।

हर परिवार तक पहुंचेगी दीपावली की खुशियां: पार्षद विनीत जैन की ओर से वार्ड में रहने वाले सभी परिवारों को दीपावली पूजन सामग्री का किट भी भेंट किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक परिवार हर्षोल्लास के साथ दीपावली का पर्व मना सके। जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने वार्डवासियों को रोशनी की सजावट के साथ पूजन सामग्री की सौगात भी दी है। पार्षद की इस पहल की वार्डवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह के प्रयासों से न केवल त्योहार की रौनक बढ़ती है, बल्कि आपसी अपनत्व, सहयोग और सामूहिक खुशियों का माहौल भी मजबूत होता है।













