Sunday, November 22, 2026
Home समाज सिद्धचक्र महामंडल विधान में भक्ति और अध्यात्म का संगम, आर्यिका सुरम्यमति माताजी...

सिद्धचक्र महामंडल विधान में भक्ति और अध्यात्म का संगम, आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने बताया आत्मकल्याण का मार्ग

केकड़ी: श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान में श्रीफल अर्घ्य समर्पित करते श्रद्धालु।

केकड़ी, 21 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अष्टाह्निका पर्व के अवसर पर आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य सुंदर सागर महाराज की शिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि जीव अनादि काल से कर्मों के बंधन के कारण संसार में परिभ्रमण करता रहता है। आचार्य कुंदकुंद स्वामी ने अपने आध्यात्मिक उपदेशों के माध्यम से संसारी जीवों को आत्मकल्याण का मार्ग बताया है। सिद्धचक्र महामंडल विधान के पूजन, पाठ, मनन और चिंतन से आत्मा का उत्थान कर मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर हुआ जा सकता है। उन्होंने श्रावकों से दान, पूजा और जिनवाणी के प्रति समर्पण भाव रखते हुए धर्माचरण करने का आह्वान किया। मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि विधान में कुल 1024 अर्घ्यों में से 351 अर्घ्य श्रीफल सहित आर्यिका संघ के सानिध्य में समर्पित किए गए।

विशेष धार्मिक आयोजन: यह आयोजन बा. ब्र. कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री के निर्देशन तथा संगीतकार रोबिन जैन भिंड (म.प्र.) की सुमधुर संगीत लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से संपन्न किया। इस दौरान 18वें तीर्थंकर अरहनाथ भगवान का ज्ञान कल्याणक धार्मिक क्रियाओं के साथ मनाया गया। वहीं तपस्वी सम्राट आचार्य सन्मति सागर महाराज का दीक्षा दिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जैन समाज के श्रद्धालुओं, विभिन्न मंडलों एवं युवा मंडल ने पूजन-विधान कर अर्घ्य समर्पित किए। दिलीप जैन के अनुसार साज-बाज और संगीत के साथ आरती एवं भक्ति की गई। प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान और आनंद यात्रा के आयोजन भी हुए। रात्रि में आर्यिका संघ के सानिध्य में भगवान अरहनाथ के ज्ञान कल्याणक एवं आचार्य सन्मति सागर महाराज के मुनि दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में ‘कौन बनेगा ज्ञानपति’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

केकड़ी: आध्यात्मिक क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम।

आध्यात्मिक क्रिकेट प्रतियोगिता में आचार्य सुंदर सागर टीम विजेता: सायंकाल आर्यिका सुरम्यमति माताजी ससंघ के सानिध्य में आध्यात्मिक क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। बा. ब्र. कनक दीदी के निर्देशन में हुई प्रतियोगिता में आचार्य सुंदर सागर टीम एवं आर्यिका सुरम्यमति टीम के बीच मुकाबला हुआ। इसमें आचार्य सुंदर सागर टीम ने 27 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में पं. निकेत शास्त्री, भागचंद जैन, गणेश जैन एवं विद्या जैन ने सहयोग किया।