केकड़ी, 17 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर आचार्य सुंदर सागर महाराज की शिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ससंघ के सानिध्य में मंगलवार को श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 24 नवम्बर तक चलेगा। विधान के शुभारंभ पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन से पहले नेमिनाथ मंदिर से श्रीजी को पालकी में विराजमान कर बाजे-गाजे के साथ धर्मसभा मंडप लाया गया। इस दौरान घटयात्रा के रूप में भव्य जुलूस निकाला गया तथा विधि-विधान के साथ मंडप शुद्धि की गई। इसके बाद पुण्यार्जक परिवार की ओर से विधान का ध्वजारोहण किया गया।

आत्मकल्याण एवं कर्मों की निर्जरा का माध्यम है सिद्धचक्र विधान: विधान के दौरान प्रवचन करे हुए आर्यिका माताजी ने सिद्धचक्र महामंडल विधान को आत्मकल्याण, आध्यात्मिक शुद्धि एवं अष्टकर्मों के क्षय का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि मन, वचन और काय की शुद्धि के साथ इस विधान में सहभागिता करने से आत्मिक गुणों की आराधना करने का अवसर प्राप्त होता हैं। मान्यता है कि पारिणामिक विशुद्धि एवं श्रद्धाभाव के साथ की गई आराधना जीव को सांसारिक दुखों से मुक्ति और मोक्षमार्ग की ओर प्रेरित करती है।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: विधान के तहत प्रातः आर्यिका ससंघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना सहित विभिन्न दैनिक धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। इसके बाद बाल ब्रह्मचारिणी कनक दीदी एवं पंडित निकेत शास्त्री के निर्देशन में संगीत की सुमधुर लहरियों के बीच विधान की पूजन प्रक्रिया संपन्न हुई। मध्यप्रदेश के भिंड से आए संगीतकार रोबिन ने साज-बाज के साथ भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत अष्टकर्मों के नाश के प्रतीक आठ अर्घ्य श्रीफल सहित समर्पित किए गए।

ये बने पुण्यार्जक: मीडिया प्रभारी रमेश जैन एवं पारस जैन ने बताया कि विधान के पुण्यार्जक रामेश्वरलाल, ओमप्रकाश, राजेन्द्र कुमार, कमल कुमार एवं अनिल कुमार गोयल जनियां परिवार हैं। कार्यक्रम में कई श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिलीप जैन के अनुसार शाम को संगीत एवं साज-बाज के साथ भव्य आरती-भक्ति की गई। इसके पश्चात प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान एवं आनंद यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियां आयोजित हुईं। अंत में पुण्यार्जक परिवार की ओर से पारिवारिक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की गई।












