केकड़ी, 14 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): दिगम्बर जैनाचार्य सुंदर सागर महाराज के 50वें अवतरण दिवस के उपलक्ष में बोहरा कॉलोनी में आर्यिका सुरम्यमती माताजी के सानिध्य में अखिल भारतीय जैन कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कवि सम्मेलन में देशभक्ति, जैन धर्म की महिमा, सामाजिक सरोकारों और हास्य-व्यंग्य की कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों पर पूरा पांडाल तालियों और जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल मुख्य अतिथि तथा सोनू जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने की।

जयकारों के साथ झूमे श्रोता: कवि सम्मेलन में शहनाज हिंदुस्तानी ने अपनी ओजस्वी प्रस्तुति में देशभक्ति और जैन धर्म के प्रति समर्पण का भाव व्यक्त करते हुए कहा, “मैं भारत का बेटा, मां के गीत सुनाऊंगा, जहां भी जाऊंगा जिन धर्म का ध्वज लहराऊंगा।” उन्होंने गिरनार और सम्मेद शिखरजी की रक्षा का संकल्प व्यक्त करते हुए भगवान नेमिनाथ की महिमा का भी गुणगान किया। उनकी प्रस्तुति पर श्रोता तालियों और जयकारों के साथ झूम उठे।

धर्म प्रभावना से सराबोर किया वातावरण: इंदौर (मध्यप्रदेश) से आए कवि अंशुल आराध्यम ने अपनी कविता के माध्यम से वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों, नैतिक मूल्यों के पतन और बढ़ती हिंसा पर करारा प्रहार किया। उन्होंने सत्य, ईमानदारी और करुणा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यदि महावीर स्वामी एक बार फिर इस धरती पर आ जाएं तो हिंसा की ज्वाला को शीतलता मिल सकती है। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को धर्म प्रभावना से सराबोर कर दिया।

हास्य प्रस्तुतियों से लगवाए ठहाके: कोटा के मोड़क स्टेशन से आए हास्य कवि गिरिराज आमेठा ने राजस्थानी बोली में छोटी बीवी को लेकर हास्य रचना प्रस्तुत कर खूब ठहाके लगवाए। उनकी चुटीली और मनोरंजक कविता पर श्रोता हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी कवियों का माल्यार्पण कर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया। आभार अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने जताया।












