Monday, November 23, 2026
Home शिक्षा आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई के नायक बिरसा मुंडा को किया...

आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई के नायक बिरसा मुंडा को किया याद, निबंध प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

केकड़ी: जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मंचासीन अतिथिगण।

केकड़ी, 14 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए एनएसएस प्रभारी डॉ. आनन्द पाराशर ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। उन्होंने उनके ऐतिहासिक संघर्षों और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य विकास कुमार ने जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और समृद्ध विरासत पर विचार व्यक्त किए।

संघर्ष को किया नमन: कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) के. एल. मीणा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए जनजातीय समाज द्वारा किया गया ऐतिहासिक संघर्ष उनके जीवन, पहचान और अस्मिता के लिए महत्वपूर्ण रहा है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों में जनजातीय इतिहास और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सहायक आचार्य तनु बसवाल, एकता नेहरा, प्रवीण वर्मा एवं पुष्पेंद्र यादव सहित महाविद्यालय परिवार के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।