Monday, November 23, 2026
Home देश तीर्थ यात्रियों पर हमले से देशभर में गुस्सा, हिन्दूवादी संगठनों के नेता...

तीर्थ यात्रियों पर हमले से देशभर में गुस्सा, हिन्दूवादी संगठनों के नेता बोले— आतंकवादियों ने दी है देश की संप्रभुता को चुनौती, सेना को दबाना होगा बंदूक का ट्रिगर

केकड़ी: जिला कलक्टर श्वेता चौहान को ज्ञापन सौंपते विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता।

केकड़ी, 12 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जम्मू कश्मीर में 9 जून को बस पर किए गए आतंकवादी हमले से देशभर में गुस्सा है। आतंकवादियों की कायराना हरकत के खिलाफ केकड़ी में बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया तथा जिला कलक्टर श्वेता चौहान को राष्ट्रपति के नाम लिखा ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखा कि आतंकवादियों ने देश की संप्रभुता को चुनौती दी है। आतंकवादियों को सबक सिखाने के लिए सेना को बंदूक का ट्रिगर दबाना होगा।

पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों ने किया हमला बजरंग दल के जिला सह संयोजक ऋषिराज चौधरी ने बताया कि माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों ने हमला किया। जिसमें 10 निर्दोष हिंदू तीर्थ यात्री मारे गए। इस घटना से पूरे देश में आक्रोश है। जम्मू कश्मीर लंबे समय से आतंकवाद का दंश झेल रहा है। धारा 370 हटाने के बाद आतंकवादी ने हिंदुओं को निशाना बनाकर देश की संप्रभुता को चुनौती दी है। ये घटना उस वक्त हुई जब देश मे नई सरकार का शपथ ग्रहण हो रहा था।

कठोरता से करनी होगी कार्रवाई उन्होंने बताया कि अब सरकार को आतंकियों को संरक्षण देने वाले आंतरिक व विदेशी तत्वों पर कठोरता से कार्रवाई करने का समय है। आज राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया है। हमारी मांग है कि सेना के हाथों में जो बंदूके थमा रखी है, उन बंदूकों का ट्रिगर दबाने का वक्त आ गया है। जिससे पूरा आतंकवाद खत्म हो जाए। इधर, अजमेर ब्लैकमेल कांड को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया।

ये रहे मौजूद इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद अजमेर जिला उपाध्यक्ष चांदमल जैन, जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, केकड़ी प्रखंड संरक्षक महावीर भाटी, प्रखंड मंत्री रमेश शास्त्री, नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय, नगर उपाध्यक्ष नवीन सोनी, रामकिशन भट्ट, पृथ्वीराज जीनगर, दीपक सुजेड़िया, राजेन्द्र फतेहपुरिया, बल उपासना प्रमुख सिन्टु साहू, नगर सह संयोजक दीपक साहू, रामदेव सोनी, नगर सुरक्षा प्रमुख सुमित सैन, गौरक्षा प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, अजय शर्मा, राम चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।