केकड़ी, 29 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मानव मन स्वयं को खाली रखना सीख जाता है, लेकिन वही मन सच्चे ज्ञान से भर जाए तो जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकती हैं। मन की चंचलता खराब नहीं है, बल्कि मन में व्याप्त मलीनता ही वास्तविक विकार है। भोगों को हम नहीं भोग रहे, बल्कि भोग ही हमें भोग रहे हैं। संसार में किए गए कर्मों का परिणाम प्रत्येक जीव को अवश्य भुगतना पड़ता है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि मनुष्य जन्म लेने के बाद यदि जीवन के महत्व को समझते हुए अपने चरित्र का निर्माण करे तो उसका जीवन उपयोगी और सार्थक बन सकता है। जीवन को पुरुषार्थ और आत्मचिंतन के माध्यम से सार्थक बनाने का प्रयास करना चाहिए। मनुष्य स्वार्थवश रिश्तों को निभाता है, लेकिन समय के साथ परिस्थितियां और व्यवहार बदल जाते हैं। ऐसे में जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझना आवश्यक है।

समय का करें सदुपयोग: आर्यिका माताजी ने कहा कि वैभव कितना भी क्यों न हो, यदि मन में असंतोष है तो शांति प्राप्त नहीं हो सकती। संतोष ही मन की शांति का आधार है। किसी भी प्रकार की गलती हो जाने पर उसे गुरु से छिपाना नहीं चाहिए, बल्कि अपनी गलती स्वीकार कर उसका प्रायश्चित करना चाहिए। हमारा वर्तमान ही हमारा वास्तविक जीवन है। बीते हुए समय को बदला नहीं जा सकता और जो होना है, उसे टाला भी नहीं जा सकता। इसलिए वर्तमान समय का सदुपयोग करते हुए जीवन को धर्म, आत्मचिंतन और पुरुषार्थ से सार्थक बनाना चाहिए। पंच परमेष्ठियों एवं तीर्थंकरों का सदैव स्मरण और ध्यान करना चाहिए, यही आत्मकल्याण और सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।

ये बने पुण्यार्जक: मीडिया प्रभारी रमेश जैन ने बताया कि आचार्यश्री के चित्र के अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य भागचन्द, ज्ञानचन्द, जैनकुमार, विनयकुमार, वर्धमान भगत सावर एवं हुक्मीचन्द-शिखरचन्द आलोली परिवार ने प्राप्त किया। दिलीप जैन ने बताया कि शाम को आरती, भक्ति संगीत, प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान एवं आनंद यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। धर्मसभा का संचालन बाल ब्रह्मचारिणी कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री ने किया। धर्मसभा से पूर्व प्रातःकाल आर्यिका संघ के सानिध्य में जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना सहित विभिन्न दैनिक धार्मिक क्रियाएं सम्पन्न हुईं।












