केकड़ी, 11 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिलान्तर्गत भिनाय थाना पुलिस ने नेशनल हाइवे जाम करने के मामले में 5 नामजद एवं 20—25 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह भिनाय क्षेत्र के खेड़ी गांव में विद्युत पोल पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से राताकोट निवासी लाइनमैन किशन जाट की मौत हो गई थी। हादसे का पता चलने पर गुस्साए ग्रामीणों ने खेड़ी के पास एनएच 48 पर पत्थर, झाड़ियां आदि डालकर जाम लगा दिया था। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन ग्रामीण जाम लगाने पर अड़े रहे।

हिदायत के बाद भी नहीं माने प्रदर्शनकारी उक्त प्रकरण में भिनाय थाना पुलिस के हैड कांस्टेबल मदनलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि हादसे के बाद राताकोट निवासी खुशवंत तेली, महिपाल ज्यानी व गोपाल शर्मा, दौलतपुरा प्रथम निवासी राजू धायल एवं करांटी निवासी प्रभु जाट के नेतृत्व में लगभग 800—1000 ग्रामीणों ने मृतक किशनलाल जाट के परिजनों को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग करते हुए नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई।

मुआवजा राशि का भुगतान करने की मांग पर अड़े ग्रामीण पुलिस अधिकारियों ने नेशनल हाइवे पर लगाए गए जाम को खोलने एवं आवागमन बाधित नहीं करवाने के बाबत अवगत करवाया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। उनका कहना था कि जब तक मृतक के परिजन को एक करोड़ रुपए नहीं दिए जाएंगे, तब तक हम जाम नहीं खोलेंगे। बार बार हिदायत के बावजूद जाम नहीं हटाने पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया तथा उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों की समझाइश के बाद भी खुशवंत तेली, महिपाल ज्यानी, गोपाल शर्मा, राजू धायल व प्रभु जाट आदि नहीं माने।

पुलिस ने करवाई वीडियोग्राफी जाम के दौरान घटित समस्त घटनाक्रम की पुलिसकर्मियों ने वीडियोग्राफी की। काफी देर समझाइश के बाद ग्रामीण जाम हटाने पर राजी हुए। उक्त लोगों द्वारा एकराय होकर विधि विरूद्ध जमाव कर नेशनल हाइवे को जाम कर लोगों का आवागमन बाधित किया गया। उक्त अपराध भादंसं की धारा 143, 283 व 341 एवं 8वीं राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत आने पर पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों एवं 20—25 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जांच भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश के जिम्मे की गई है।
संबंधित समाचार देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।












