केकड़ी, 31 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका मंडल केकड़ी की ओर से महिला पार्षद समिति के माध्यम से आयोजित करवा चौथ ऑनलाइन प्रतियोगिता के परिणाम शनिवार को घोषित किए गए। 29 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में नगरपालिका क्षेत्र की 105 महिलाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तहत करवा चौथ क्वीन, सबसे सुंदर पूजा थाली और मेहंदी क्वीन—तीन श्रेणियों में मुकाबला हुआ। करवा चौथ क्वीन में चीनू मांगधणा प्रथम, संचिता गोयल द्वितीय व पायल कंवर चौहान तृतीय रहीं। सबसे सुंदर पूजा थाली प्रतियोगिता में आयुषी सिंघल प्रथम, दिव्या रांटा द्वितीय व गरिमा सोनी तृतीय रहीं। वहीं मेहंदी क्वीन में टीना साहू प्रथम, इशिका जैन द्वितीय व श्रिया अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं।

महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच: नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि 105 महिलाओं की भागीदारी इस पहल की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल सड़क, सफाई, रोशनी और विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को भी गति देना है। महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना इसी दिशा में एक प्रयास है। मित्तल ने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों की भागीदारी से रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान मिल सके तथा सामाजिक सहभागिता मजबूत हो।

महिला पार्षद समिति की पहल की सराहना: प्रतियोगिता के आयोजन में महिला पार्षद समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति में इंदु मित्तल (वार्ड 36), अभिलाषा विजय (वार्ड 13), पूजा व्यास (वार्ड 19), प्रतिभा जैन (वार्ड 23) एवं पूजा जगरवाल (वार्ड 27) शामिल हैं। नगरपालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल एवं उपाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने समिति के प्रयासों की सराहना की। मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी 105 प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, जबकि तीनों श्रेणियों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कुल नौ विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।













