केकड़ी, 13 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सदर थाना पुलिस ने करीब एक साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने ग्राम धूंधरी में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक के पेट में चाकू से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम धूंधरी में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए झगड़े में आरोपी ने तीतरिया निवासी सांवरलाल मीणा के पेट में चाकू से वार कर दिया था। घटना के बाद आरोपी राज उर्फ राजूलाल पुत्र सोराज मीणा निवासी प्रतापपुरा थाना सावर जिला अजमेर फरार हो गया और लगातार अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

विशेष टीम को मिली सफलता: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा पुलिस उप अधीक्षक मनोज गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश गोरा, एएसआई रामस्वरूप व एएसआई भंवरलाल (विशेष भूमिका), कांस्टेबल रमेशचंद व गणेशलाल ने अहम भूमिका निभाई है।













