केकड़ी, 24 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी की ओर से शनिवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 91 बालिकाओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं। शिविर की चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बालिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था। इस दौरान बालिकाओं एवं शिक्षकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी भी दी गई।

विद्यालय ने जताया आभार: शिविर में डॉ. इतिका खत्री एवं डॉ. खुशबू यादव ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। वहीं कम्पाउंडर सुनील बिश्नोई तथा इंटर्न छात्र अमित सैनी एवं लता मीणा ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या हेमन पाठक ने चिकित्सा दल एवं महाविद्यालय की टीम का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण, जागरूकता एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।













