केकड़ी, 01 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि गुरु के प्रत्येक वचन को गंभीरता से ग्रहण कर जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए, क्योंकि गुरु वचनों के एक-एक शब्द में गहरा रहस्य समाहित होता है। बाहरी विषयों में सुख तलाशने वाला व्यक्ति कभी अपनी आकुलता को समाप्त नहीं कर पाता और वास्तविक सुख से भी वंचित रहता है। संसार में जीव को प्राप्त होने वाला सुख-दुःख उसके द्वारा किए गए पुण्य-पाप रूपी कर्मों के अनुसार ही मिलता है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को सदैव दूसरों की कमियां निकालने के बजाय अपने भीतर झांकना चाहिए। वाणी ऐसी होनी चाहिए, जिसे सुनकर सामने वाले को भी प्रसन्नता का अनुभव हो। आत्मसाधना से व्यवहार में निश्चित रूप से परिवर्तन आता है।

ज्ञानी पुरुष धारण करते है समता भाव: आर्यिका माताजी ने कहा कि श्रेष्ठ भावनाओं के साथ सदुपदेश को सुनकर उसे आचरण में उतारने से व्यक्ति अपना कल्याण कर सकता है। उन्होंने कहा कि जीवन को दुर्गुणों से बचाते हुए स्वाध्याय, नियम और त्याग के माध्यम से धीरे-धीरे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। ज्ञानी पुरुष समता भाव धारण कर अपने जीवन के वास्तविक स्वरूप को समझते हैं। प्रत्येक जीव को अपने द्वारा किए गए कर्मों का फल अवश्य भुगतना पड़ता है, इसलिए आत्मकल्याण के लिए कर्मों की निर्जरा और सदाचरण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। धर्मसभा का संचालन बा.ब्र. कनक दीदी एवं पं. निकेत शास्त्री ने किया।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: धर्मसभा से पूर्व आर्यिका संघ के सानिध्य में प्रातः जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेंद्र अर्चना सहित विभिन्न दैनिक धार्मिक क्रियाएं सम्पन्न हुईं। मीडिया प्रभारी रमेश जैन ने बताया कि आचार्य श्री के चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद-प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य टीकमचंद, गोरधनलाल, चंदप्रकाश एवं शिखरचंद नासिरदा परिवार तथा बाबूलाल एवं पारस कुमार बाजटा परिवार को प्राप्त हुआ। दिलीप जैन ने बताया कि इस अवसर पर आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने केशलोच किया। उन्होंने कहा कि केशलोच नश्वर शरीर के प्रति मोह का त्याग कर आत्मकल्याण की ओर अग्रसर होने की साधना है। यह केवल केशलोच की क्रिया नहीं, बल्कि त्याग और वैराग्य की पहचान है। कार्यक्रम के दौरान सामायिक, आरती, स्वाध्याय, प्रश्नोत्तरी, जिज्ञासा समाधान एवं आनंद यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए।













