Monday, November 23, 2026
Home खेलकूद बॉक्सिंग में लॉर्ड तिरुपति के हरीराम का सिल्वर पंच, ताइक्वांडो में राजकीय...

बॉक्सिंग में लॉर्ड तिरुपति के हरीराम का सिल्वर पंच, ताइक्वांडो में राजकीय महाविद्यालय के निखिल ने लगातार दूसरी बार जीता कांस्य पदक

केकड़ी: बॉक्सिंग में रजत पदक विजेता लॉर्ड तिरुपति के हरीराम (फाइल फोटो)।

केकड़ी, 14 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर की अंतर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में केकड़ी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए हैं। लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय के छात्र हरीराम जाट ने बॉक्सिंग में रजत पदक, जबकि राजकीय महाविद्यालय के छात्र निखिल बडगूजर ने ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीतकर अपने-अपने महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवारों में खुशी का माहौल है।

हरीराम जाट ने बॉक्सिंग में जीता रजत पदक: लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय केकड़ी के छात्र हरीराम जाट ने एमडीएसयू बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन प्राज्ञ कॉलेज बिजयनगर में किया गया। हरीराम ने अपने खेल कौशल, मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि प्राप्त की। उनकी सफलता पर महाविद्यालय परिवार ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

केकड़ी: ताइक्वांडो स्पर्धा में दमखम दिखाते खिलाड़ी।

निखिल बडगूजर ने लगातार दूसरी बार जीता कांस्य: राजकीय महाविद्यालय केकड़ी के छात्र निखिल बडगूजर ने एमडीएसयू की 39वीं अंतर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता के तहत ताइक्वांडो स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। महाविद्यालय के खेल प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि निखिल ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए यह सफलता प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि निखिल ने पिछले वर्ष आयोजित 38वीं अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीता था। लगातार दूसरी बार पदक हासिल करने पर प्राचार्य डॉ. के. एल. मीना सहित महाविद्यालय के समस्त कार्मिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।