केकड़ी, 06 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आचार्य सुंदर सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका सुरम्यमति माताजी ने कहा कि मानव असीम शक्ति से संपन्न है, लेकिन अज्ञानता के कारण अपनी आत्मशक्ति का सही सदुपयोग नहीं कर पाता। संयम, त्याग और आत्मचिंतन के माध्यम से आत्मशक्ति को प्रकट किया जा सकता है। वे बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में प्रवचन कर रही थी। उन्होंने कहा कि मनुष्य सांसारिक भोगों में लिप्त रहते हुए संयम और व्रत को भविष्य के लिए टालता रहता है, लेकिन समय निकल जाता है। गुरु समागम एवं उपदेश से सम्यक दृष्टि की प्राप्ति संभव है। जैन शासन भाव प्रधान है, इसलिए देव-शास्त्र-गुरु के प्रति श्रद्धा रखते हुए अपने भावों के प्रति सजग रहना चाहिए।

दैनिक धार्मिक क्रियाएं: मीडिया प्रभारी रमेश बंसल एवं पारस जैन ने बताया कि धर्मसभा में आचार्य श्री के चित्र का अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य मानक चन्द, पीयूष कुमार सावर वाले, रमेश चन्द एवं दीपक कुमार बघेरा परिवार को प्राप्त हुआ। दिलीप जैन ने बताया कि प्रातः जिनाभिषेक, शांतिधारा, जिनेन्द्र अर्चना एवं दैनिक धार्मिक क्रियाएं तथा शाम को आरती, भक्ति संगीत, जिज्ञासा समाधान, प्रश्नोत्तरी एवं आनंद यात्रा आर्यिका ससंघ के सानिध्य में संपन्न हुई। धर्मसभा का संचालन बाल ब्रह्मचारिणी कनक दीदी एवं पंडित निकेत शास्त्री ने किया।













