Monday, November 23, 2026
Home क्राइम न्यूज सड़क हादसे में बाल-बाल बचे विधायक शत्रुघ्न गौतम, ट्रेलर की टक्कर से...

सड़क हादसे में बाल-बाल बचे विधायक शत्रुघ्न गौतम, ट्रेलर की टक्कर से फॉर्च्यूनर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त; चालक भी सुरक्षित

केकड़ी: शत्रुघ्न गौतम, विधायक (फाइल फोटो)

केकड़ी, 30 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम मंगलवार देर रात अजमेर-कोटा राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। सराना के निकट हुए हादसे में विधायक की फॉर्च्यूनर कार को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विधायक की कार सड़क किनारे सामने खड़ी एक अन्य गाड़ी में जा घुसी। हादसे में विधायक की फॉर्च्यूनर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन विधायक शत्रुघ्न गौतम और उनके चालक विनोद गुर्जर पूरी तरह सुरक्षित रहे। हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार विधायक शत्रुघ्न गौतम किशनगढ़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में आयोजित भाजपा की संभाग स्तरीय बैठक में शामिल होने के बाद रात को फॉर्च्यूनर कार से केकड़ी लौट रहे थे।

केकड़ी: हादसे में क्षतिग्रस्त विधायक शत्रुघ्न गौतम की कार।

मौके पर पहुंची पुलिस: केकड़ी लौटते समय अजमेर-कोटा राजमार्ग पर सराना के निकट एक ट्रेलर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विधायक की कार अनियंत्रित होकर आगे खड़ी एक अन्य गाड़ी से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सराना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मौके से हटवाने की कार्रवाई की तथा ट्रेलर को जब्त कर उसके चालक को डिटेन कर पूछताछ शुरू की।

समर्थकों ने पूछी कुशलक्षेम: गनीमत रही कि हादसा गंभीर होने के बावजूद विधायक शत्रुघ्न गौतम और उनके चालक विनोद गुर्जर सुरक्षित रहे। फॉर्च्यूनर के क्षतिग्रस्त होने से हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इधर विधायक के सड़क हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों में चिंता व्याप्त हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने विधायक शत्रुघ्न गौतम से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। विधायक के सकुशल होने की जानकारी मिलने पर समर्थकों ने राहत की सांस ली।