Monday, November 23, 2026
Home राजनीति मतदाता जागरूकता रैली से दिया अधिकाधिक मतदान का संदेश, विधायक शत्रुघ्न गौतम...

मतदाता जागरूकता रैली से दिया अधिकाधिक मतदान का संदेश, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बढ़ाया स्वयंसेवकों का हौसला

केकड़ी: स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

केकड़ी, 18 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए नायकी गांव में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित कीं। इस दौरान मतदाता जागरूकता रैली निकालने के साथ 50 से अधिक घरों का सामाजिक, पारिवारिक एवं आर्थिक सर्वे किया गया। सर्वे में गांव की प्रमुख समस्या जल संकट के रूप में सामने आई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने स्वयंसेवकों से संवाद किया और समाज सेवा के कार्यों में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने के लिए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों से किया सम्पर्क: इसके बाद स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर 50 से अधिक परिवारों से संपर्क किया और उनकी सामाजिक, पारिवारिक एवं आर्थिक स्थिति की जानकारी जुटाई। सर्वे के दौरान ग्रामीणों के सामने जल की किल्लत एक प्रमुख समस्या के रूप में उभरी। इस अवसर पर शिविर कार्यक्रम प्रभारी डॉ. आनंद पाराशर, मतदाता साक्षरता क्लब के उप प्रभारी पुष्पेंद्र यादव एवं एकता नेहरा सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।