Monday, November 23, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति राव अमर सिंह विद्यालय में सजा नवरंग उत्सव, गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों ने...

राव अमर सिंह विद्यालय में सजा नवरंग उत्सव, गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

केकड़ी: राम अमर सिंह विद्यालय में गरबा महोत्सव का शुभारंभ करते अतिथि।

केकड़ी, 18 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नवरात्रि के पावन पर्व पर राव अमर सिंह सेकेंडरी विद्यालय में नवरंग उत्सव के तहत गरबा एवं डांडिया कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, भक्तिमय गीतों और गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवी रंगों में रंग गया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक रघु राज सिंह जूनिया ने मां दुर्गा की आरती कर किया। आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम विद्यालय प्राचार्या अनुराधा माहेश्वरी, ट्रस्टी भानु प्रताप राठौड़ जूनिया, हेड गर्ल अदिति पाराशर, हेड बॉय अंश विजय एवं स्कूल कैप्टन आराध्या पाराशर की देखरेख में संपन्न हुआ।

नवरात्रि का छाया उल्लास: पारंपरिक गीतों की धुनों पर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने गरबा-डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। आकर्षक वेशभूषा और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों के साथ अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई और विद्यालय परिसर में नवरात्रि का उल्लास छा गया। नवरंग उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराने के साथ सामूहिक सहभागिता, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया गया। आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के लिए उत्साह एवं उमंग से भरा यादगार अवसर बना।