केकड़ी, 08 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पंचायतीराज चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई, लेकिन केकड़ी पंचायत समिति के 15 सदस्यों के निर्वाचन के लिए पहले दिन एक भी अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। ऐसे में पहले दिन नामांकन केंद्र पर अधिकारी-कर्मचारी अभ्यर्थियों का इंतजार करते नजर आए। बताया जा रहा है कि श्राद्ध पक्ष के चलते संभावित दावेदार फिलहाल नामांकन दाखिल करने से परहेज कर रहे हैं। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि नामांकन पत्र 13 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 14 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी, जबकि 15 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी।

वार्ड 1 से 8 तक आरक्षण व शामिल गांव: केकड़ी पंचायत समिति के 15 वार्डों में आरक्षण की स्थिति के अनुसार अलग-अलग ग्राम पंचायत क्षेत्रों को शामिल किया गया है। वार्ड 1 सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसमें जूनियां व केसरपुरा शामिल हैं। वार्ड 2 सामान्य वर्ग के लिए है, जिसमें नायकी, धुवांलिया, जाल का खेड़ा, राजपुरा, सापुण्दा व मदनपुरा शामिल हैं। वार्ड 3 सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, जिसमें लल्लाई, अजगरा व डोराई शामिल हैं। वार्ड 4 एससी महिला के लिए आरक्षित है। इसमें रामपाली, बिलिया, अजगरी, सरसड़ी, मेवदाखुर्द, उगानखेड़ा व सवाईपुरा शामिल हैं। वार्ड 5 एससी वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसमें प्रान्हेड़ा, छोटा शाहपुरा, रणजीतपुरा, उगाई व भीमड़ावास शामिल हैं। वार्ड 6 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसमें निमोद, बीरवाड़ा, भराई, फारकिया, देवपुरा व कोहड़ा शामिल हैं। वार्ड 7 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है, जिसमें खवास, काचरिया, शेषपुरा व देवखेड़ा शामिल हैं। वार्ड 8 सामान्य वर्ग के लिए है, जिसमें कादेड़ा, अलाम्बु व देवपुरा शामिल हैं।

वार्ड 9 से 15 तक आरक्षण व शामिल गांव: वार्ड 9 एससी महिला के लिए आरक्षित है। इसमें कालेड़ा कृष्ण गोपाल, बोगला, मोलकिया, आमली व नाईखेड़ा शामिल हैं। वार्ड 10 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसमें मंड़ा, तितरिया, सलारी व तसवारिया शामिल हैं। वार्ड 11 सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, जिसमें मानखंड़, रूपनिवास, नयागांव कुमावत व देवलिया खुर्द शामिल हैं। वार्ड 12 एससी वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसमें मेवदाकलां, छाबाड़िया, चक जुनिया व एकलसिंहा शामिल हैं। वार्ड 13 सामान्य वर्ग के लिए है, जिसमें लसाड़िया, कणौंज व हरिरामपुरा शामिल हैं। वार्ड 14 सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, जिसमें बघेरा शामिल है। वहीं वार्ड 15 सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, जिसमें देवगांव, धोलाई, शंभूपुरा, दयालपुरा व काबरिया शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया के आगामी दिनों में अभ्यर्थियों के नामांकन दाखिल करने के साथ ही पंचायत समिति चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।












