Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज चुनावी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला: पहले बोलेरो से बाइक को...

चुनावी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला: पहले बोलेरो से बाइक को मारी टक्कर, फिर लोहे के पाइप से पीटा; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

केकड़ी: सावर पुलिस की गिरफ्त में मारपीट का आरोपी।

केकड़ी, 16 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना पुलिस ने चुनावी रंजिश के चलते बोलेरो कैंपर से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पुलिस गहनता से अनुसंधान कर रही है। पुलिस के अनुसार सावर थाना क्षेत्र के सदारा निवासी सीताराम गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई आशाराम गुर्जर मोटरसाइकिल से सदारा गांव आ रहा था। इसी दौरान मोर्या की मोटर के आगे बोलेरो कैंपर में सवार सदारा निवासी धर्मराज पुत्र हनुमान प्रसाद वैष्णव एवं उसके साथ मौजूद पांच-छह अन्य लोगों ने चुनावी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से उसके भाई की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने लोहे के पाइप से उस पर हमला कर दिया। हमले में आशाराम के पैरों सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे सावर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।

लगातार बदल रहा था ठिकाना: पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में सावर थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल से निकलने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद प्रकरण में नामजद मुख्य आरोपी धर्मराज उर्फ सिंटू (33) पुत्र हनुमान प्रसाद वैष्णव निवासी सदारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

दो अन्य मामलों में भी वांछित: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धर्मराज उर्फ सिंटू के विरुद्ध पूर्व में भी सावर थाने में दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 का प्रकरण संख्या 33/2025 तथा 27 अक्टूबर 2026 को दर्ज प्रकरण संख्या 198/2026 शामिल हैं। दोनों मामलों में भी आरोपी वांछित चल रहा था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। कार्रवाई में सावर थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा, सराना थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा, सावर थाने के एएसआई श्रीकिशन, भिनाय थाने के हेड कांस्टेबल नवल सिंह, सावर थाने के कांस्टेबल शिवप्रकाश, महेन्द्र व राकेश एवं सराना थाने के कांस्टेबल अरूण ने अहम भूमिका निभाई है।