Tuesday, November 24, 2026
Home क्राइम न्यूज पंचायतीराज चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन, एरिया डोमिनेशन अभियान में 26...

पंचायतीराज चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन, एरिया डोमिनेशन अभियान में 26 जगह दबिश, 11 गिरफ्तार

केकड़ी: एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत शहर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी।

केकड़ी, 05 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आगामी पंचायतीराज चुनावों को मध्य नजर रखते हुए अजमेर जिला पुलिस की ओर से चलाए गए एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत केकड़ी शहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न्यायालय की कार्रवाई से बचने के लिए फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने के साथ ही दूसरे थाने के एक स्थायी वारंटी को भी डिटेन किया। इसके अलावा छह गिरफ्तारी वारंटियों तथा शांति भंग के आरोप में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) ने बताया कि 4 अक्टूबर को जिलेभर में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया।

पांच टीमों ने की कार्रवाई: अभियान के तहत अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों, वांछित अपराधियों, गिरफ्तारी एवं स्थायी वारंटियों, गैंग फॉलोअर्स तथा साइबर फ्रॉड से जुड़े आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। साथ ही हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधियों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में चालानशुदा अपराधियों की आकस्मिक चेकिंग कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में 16 पुलिसकर्मियों की पांच टीमें गठित की गईं।

कुल 26 स्थानों पर दी दबिश: टीमों ने थाना क्षेत्र में कुल 26 स्थानों पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे थाने के एक स्थायी वारंटी को भी डिटेन कर संबंधित थाना बांदर सिंदरी को सुपुर्द किया गया। इसके अलावा छह गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया तथा चार व्यक्तियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधियों, संपत्ति संबंधी अपराधों, एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट में पूर्व में चालानशुदा कुल 19 अपराधियों की आकस्मिक चेकिंग कर उनसे गहन पूछताछ की।

इन्हें किया गिरफ्तार: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जूनियां निवासी माधूलाल पुत्र रामदेव बैरवा, उगानखेड़ा निवासी बलराज जाट पुत्र रामलाल, भट्टा कॉलोनी निवासी इंसाफ उर्फ ताला पुत्र मोहम्मद इस्लाम इमामुद्दीन, राजपुरा रोड निवासी हेमराज सोनी पुत्र भंवरलाल, भराई निवासी मनसाराम पुत्र बनवारी, भीमड़ावास निवासी विशाल कुमार उर्फ राकेश जाट पुत्र सांवरलाल, देवगांव निवासी बनवारी लाल नागर पुत्र रामकिशन, सणगारी निवासी रमेश उर्फ कालू जाट पुत्र राजेन्द्र, भट्टा कॉलोनी निवाी ताहिर उर्फ शाहरुख उर्फ नोलिया पुत्र इकबाल अली, प्रान्हेड़ा निवासी शिवराज बलाई पुत्र भागचंद तथा प्रान्हेड़ा निवासी धर्मराज पुत्र दयाराम शामिल हैं।

निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई: पुलिस थानाधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि आगामी पंचायतीराज चुनावों को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करते हुए भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी, एएसआई प्रेमसिंह, नारायण राम, रामचरण, मदनलाल, घनश्याम व चिम्मनलाल, हेड कास्टेबल कालूराम व छोटूराम एवं कांस्टेबल पुखराज, ​नीरज सिंह, केदार, महेन्द्र, निेश, बलवान व धनराज ने अहम भूमिका निभाई है।