Monday, November 23, 2026
Home समाज महाराजा अजमीढ़ जयंती महोत्सव: समाज की बैठक में तैयारियों को दिया अंतिम...

महाराजा अजमीढ़ जयंती महोत्सव: समाज की बैठक में तैयारियों को दिया अंतिम रूप, भव्य शोभायात्रा सहित होंगे विविध आयोजन

केकड़ी: महाराजा अजमीढ़ जयंती की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद समाजबंधु।

केकड़ी, 20 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की ओर से समाज के आदि पुरोधा महाराजा अजमीढ़ की जयंती 24 व 25 अक्टूबर को विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी। आयोजन में केकड़ी शहर सहित उपखंड क्षेत्र के स्वर्णकार समाज के बंधु भाग लेंगे। सभी कार्यक्रम जुवाड़ियां मोहल्ला स्थित स्वर्णकार समाज संस्था भवन में होंगे। मुख्य समारोह के दिन समाज के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। महामंत्री सत्यनारायण सोनी ने बताया कि 24 अक्टूबर को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक महिलाओं एवं बच्चों की सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा डांडिया नृत्य होगा। शाम 6 से रात 9 बजे तक पुरुषों की सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 25 अक्टूबर को मुख्य समारोह की शुरुआत यज्ञ-अग्निहोत्र से होगी, जिसके ब्रह्मा कपूरचंद सोनी होंगे। इसके भव्य शोभायात्रा के लिए दीपक, रथ व अश्व की बोलियां लगाई जाएंगी।

शहर के विभिन्न मार्गों से निकलेगी शोभायात्रा: महाराजा अजमीढ़ की शोभायात्रा बैंड-बाजे, भव्य रथ, केसरिया पताकाओं, दो अश्वों एवं आकर्षक झांकी के साथ सदर बाजार, घंटाघर, अजमेरी गेट, अस्पताल मार्ग और खिड़की गेट सहित शहर के विभिन्न मार्गों से निकलेगी। शोभायात्रा में समाज के महिला-पुरुष एवं बच्चे शामिल होंगे। इसके बाद स्नेहभोज होगा। दोपहर 3 बजे से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, वृद्धजनों, प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। रात 8 से 12 बजे तक भजन-कीर्तन तथा रात 12:15 बजे औषधियुक्त अमृततुल्य खीर प्रसाद का वितरण होगा। समाज अध्यक्ष किशन प्रकाश अग्रोया ने बताया कि आयोजन की तैयारियों के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से सहपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

इन्होंने निभाई सहभागिता: जयंती आयोजन को भव्य बनाने के संबंध में आयोजित बैठक में अजमेर जिला देहात अध्यक्ष ओमप्रकाश डसानिया, कोषाध्यक्ष गोविंद स्वरूप जवड़ा, कृष्ण गोपाल रूनवाल, चिरंजी लाल सोनी, हीरालाल कांदला, जेपी सोनी, अखिलेश कुमार गढ़वाल एवं राकेश कुल्थया ने अपने विचार रखे। बैठक में समाज अध्यक्ष किशन प्रकाश अग्रोया, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश डसानियां, महामंत्री सत्यनारायण मालिंडिया, कोषाध्यक्ष गोविंद स्वरूप जवड़ा, मीडिया प्रभारी जेपी रूनवाल, कृष्ण गोपाल रूनवाल, रामेश्वर कांदला, चिरंजीलाल सोनी, अशोक कुमार सोनी, अर्जुन सोनी, गौतम सोनी, हरी प्रसाद सोनी, रामगोपाल स्वर्णकार, अखिलेश कुमार गढ़वाल, राजेश बेवाल, रामदेव सोनी, राकेश कुल्थया, शिवराज सोनी, हनुमान सोनी नासिरदा एवं हनुमान खजवानिया उपस्थित रहे।