Monday, November 23, 2026
Home शिक्षा राजकीय महाविद्यालय का सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, नायकी ग्राम में करेंगे...

राजकीय महाविद्यालय का सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, नायकी ग्राम में करेंगे सेवा कार्य

केकड़ी: एनएसएस के शिविर में शामिल स्वयंसेवक।

केकड़ी, 14 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। 15 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस शिविर के दौरान स्वयंसेवक गोद लिए गए नायकी गांव में विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाजसेवा का संदेश देंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रोफेसर के.सी. जैन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। प्राचार्य डॉ. के.एल. मीना ने माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद दल के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

सक्रिय भागीदारी निभाने का आव्हान: मुख्य अतिथि प्रो. जैन ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्राचार्य डॉ. मीना एवं वरिष्ठ संकाय सदस्य देवी लाल जोशी ने स्वयंसेवकों को निष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद पाराशर ने शिविर की दैनिक गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष नायकी गांव को गोद लिया गया है। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा उनमें सेवा भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वयंसेवकों ने चलाया सफाई अभियान: उद्घाटन कार्यक्रम के बाद द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान चलाकर महाविद्यालय के बरामदे की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. रजनी, प्रो. माया पारीक, शहजाद अली, मनोज कुमार ढाका, पुष्पेंद्र यादव, सुमन मीणा, एकता नेहरा, उपेंद्र लक्षकार एवं राजेश विजयवर्गीय सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य उपस्थित रहे। अंत में वाणिज्य संकाय की सदस्य माया पारीक ने आभार व्यक्त किया।