Monday, November 23, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति कहीं राम-सीता की झांकी तो कहीं रंगोली की छटा, श्री शक्ति एकेडमी...

कहीं राम-सीता की झांकी तो कहीं रंगोली की छटा, श्री शक्ति एकेडमी में सजा दीपोत्सव का रंग

केकड़ी: शक्ति एकेडमी में दीपोत्सव पर प्रस्तुति देते नौनिहाल।

केकड़ी, 03 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड स्थित श्री शक्ति एकेडमी सेकेंडरी स्कूल में दीपावली के उपलक्ष्य में दीपोत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी प्रभु श्रीराम एवं माता सीता सहित विभिन्न पौराणिक पात्रों के आकर्षक वेश में नजर आए। विद्यार्थियों ने प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत कर उनके आदर्शों और मर्यादाओं का संदेश दिया। वहीं पौराणिक पात्रों पर आधारित झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए कक्षा सजावट, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, पूजा थाली सजावट, दीपक निर्माण एवं रंगोली सजावट सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

श्रेष्ठ विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन: प्रधानाचार्य राकेश कंवर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों का निरीक्षण किया तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था सचिव भवानी सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जिस आत्मविश्वास, उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया, वह सराहनीय है। उन्होंने आयोजन की सफलता में विद्यालय टीम एवं अभिभावकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर माता महालक्ष्मी का विधिवत पूजन-अर्चन कर आरती की गई। इससे विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। आयोजन में कीर्ति राठौड़, अक्षिका पारीक, रिंकू जैन, माया जांगिड़, खुशनसीब, सोनू चौहान, किरण कंवर, गायत्री रॉय, रेणु कंवर एवं सविता नामा सहित विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा।