Tuesday, November 24, 2026
Home राजनीति शनिवार को होगा गांवों की सरकार का फैसला: केकड़ी पंचायत समिति की...

शनिवार को होगा गांवों की सरकार का फैसला: केकड़ी पंचायत समिति की 22 पंचायतों में 83 बूथों पर पड़ेंगे वोट, 76,753 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 23 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गांवों की सत्ता संभालने के लिए चुनावी मुकाबला तैयार है। केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों में शनिवार को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। सरपंच के 22 पदों के लिए 162 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि वार्ड पंच के 222 पदों में से 33 पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 189 वार्ड पंच पदों के लिए 575 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। पंचायतीराज चुनाव में कुल 76,753 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 38,498 पुरुष तथा 38,255 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन विभाग ने मतदान के लिए कुल 83 बूथ बनाए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।

प्रशासन ने पूरी की चुनावी तैयारियां: निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली है। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि पंच एवं सरपंच पदों के लिए शनिवार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी तथा परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं नवनिर्वाचित सरपंचों एवं वार्ड पंचों के निर्वाचन के बाद रविवार 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।

मतदान केंद्रों पर रहेगा पुलिस का कड़ा पहरा: चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर अतिरिक्त पुलिस बल की एक टीम तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों पर दो अतिरिक्त पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बघेरा में सर्वाधिक तो अजगरा में सबसे कम मतदाता: निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं की संख्या के लिहाज से बघेरा सबसे आगे है। यहां 7,608 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके बाद कादेड़ा में 7,511, जूनियां में 5,396 तथा देवगांव में 5,042 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं सबसे कम मतदाताओं वाली ग्राम पंचायतों में अजगरा में 1,996, निमोद में 2,140, भराई में 2,246 तथा कोहड़ा में 2,291 मतदाता हैं। इन आंकड़ों के साथ शनिवार को होने वाले मतदान में विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदाताओं की भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी।

ग्राम पंचायतवार मतदाताओं की संख्या: निर्वाचन विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार जूनियां में 5,396, नायकी में 2,414, लल्लाई में 3,860, अजगरा में 1,996, रामपाली में 2,264, सरसड़ी में 2,719, प्रान्हेड़ा में 3,381, निमोद में 2,140, भीमड़ावास में 2,802, भराई में 2,246, कोहड़ा में 2,291, खवास में 3,908, कादेड़ा में 7,511, कालेड़ा कृष्णगोपाल में 2,537, मोलकिया में 2,790, सलारी में 3,468, मानखंड में 2,984, कणौंज में 3,219, मेवदाकलां में 3,290, लसाड़िया में 2,887, बघेरा में 7,608 तथा देवगांव में 5,042 मतदाता शामिल हैं।