केकड़ी, 02 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर केकड़ी में विभिन्न संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित कर उनके आदर्शों को याद किया गया। विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों ने सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। वाइब्रेंट अकादमी में दांडी मार्च की झांकी, शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की सहभागिता: द वाइब्रेंट अकादमी में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कार्यक्रम हुए। किड्स जोन के विद्यार्थियों ने दांडी मार्च की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर स्वतंत्रता आंदोलन की गाथा जीवंत की। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने कविता, कहानी, भाषण एवं देशभक्ति गीतों से गांधी-शास्त्री के जीवन व विचारों को अभिव्यक्त किया। कक्षा 6 से 12 तक निबंध लेखन प्रतियोगिता हुई। विद्यालय निदेशक रितिक मेवाड़ा ने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

लायंस क्लब ने गांधी पार्क व शास्त्री पार्क में मनाई जयंती: लायंस क्लब केकड़ी ने गांधी पार्क में महात्मा गांधी एवं पोस्ट ऑफिस के बाहर शास्त्री पार्क में लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई। क्लब सदस्यों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी, सेवा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। क्लब अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा ने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों को व्यवहार में अपनाने से होगी। कार्यक्रम में क्लब प्रशासक दिनेश गर्ग, सचिव विकास माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष आशाराम जांगिड़, हितेश मेवाड़ा, अनिल दत्त शर्मा, निरंजन चौधरी, राकेश जैन, राजेंद्र सोनी, नरेंद्र मेवाड़ा, धर्मेंद्र धातरवाल, अनिल बंसल, अरिहंत बज, विनय पांड्या, सतीश रांटा, भंवरलाल बज व हुकम चंद तेली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

राजकीय महाविद्यालय में नशा मुक्ति पर व्याख्यान, डॉ. मीणा ने बताया समाधान: राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति कार्यक्रम एवं व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता होम्योपैथिक कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार मीणा ने इंटरेक्टिव मेथड से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे को केवल बुरी आदत नहीं, बल्कि बीमारी के रूप में समझकर समाधान की दिशा में प्रयास करना चाहिए। सहायक आचार्य डॉ. प्रकाश ने भी विचार रखे। छात्रा स्नेहल एवं हंसा ने गांधी-शास्त्री के जीवन दर्शन पर विचार व्यक्त किए। सहायक आचार्य माया पारीक ने स्वागत किया, संचालन NSS प्रभारी डॉ. आनंद पाराशर ने किया। प्रभारी मनोज कुमार ढाका ने आभार जताया। इस दौरान विकास चौधरी, तनु बसवाल, प्रवीण वर्मा व पुष्पेंद्र यादव सहित स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।













