Monday, November 23, 2026
Home धर्म एवं संस्कृति करवा चौथ पर महिलाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का ऑनलाइन मंच: मेहंदी...

करवा चौथ पर महिलाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का ऑनलाइन मंच: मेहंदी क्वीन, करवा चौथ क्वीन व पूजा थाली सजावट प्रतियोगिता का होगा आयोजन

AI जनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 27 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका मंडल केकड़ी की ओर से करवा चौथ के अवसर पर शहर की महिलाओं के लिए ‘करवा चौथ ऑनलाइन प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता में केकड़ी नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाली सभी महिलाएं भाग ले सकेंगी। प्रतियोगिता में मेहंदी क्वीन प्रतियोगिता, करवा चौथ क्वीन प्रतियोगिता तथा सबसे सुंदर पूजा थाली सजावट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागी घर पर मेहंदी लगाकर अपनी सबसे सुंदर एवं रचनात्मक मेहंदी की एक फोटो, पारंपरिक परिधान में अपनी सौम्य एवं सादगीपूर्ण प्रस्तुति की एक फोटो एवं घर पर सजाई गई करवा चौथ की पूजा थाली की एक फोटो भेजकर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगी। उन्होंने बताया कि तीनों प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अलग-अलग फोटो भेजना आवश्यक होगा। इसके साथ 30 सेकंड का वीडियो और एक फोटो भी भेजनी होगी। प्रतिभागियों को अपना नाम, वार्ड नंबर एवं मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराना होगा।

29 अक्टूबर को रात 11 बजे तक भेज सकेंगे फोटो-​वीडियो: प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभागियों के लिए फोटो एवं वीडियो भेजने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है। विजेताओं की घोषणा 31 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण नगर पालिका के किसी अन्य कार्यक्रम में किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए फोटो एवं वीडियो नगर पालिका की महिला पार्षदों इंदू मित्तल (9252988325), पूजा व्यास (9261418913), अभिलाषा विजय (7737405004), पूजा जगरवाल (8824148020) एवं प्रतिभा जैन (9001693072) के मोबाइल नंबरों पर भेजे जा सकते हैं। प्रतियोगिता में विजेताओं का निर्णय महिला पार्षदों की कमेटी द्वारा लिया जाएगा और उसका निर्णय सभी के लिए मान्य होगा।