Sunday, November 22, 2026
Home क्राइम न्यूज सरपंच चुनाव की मतगणना के बाद लल्लाई-अजगरा में हंगामा, पुलिस ने दो...

सरपंच चुनाव की मतगणना के बाद लल्लाई-अजगरा में हंगामा, पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर शुरू की जांच

AI जनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 26 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पंचायत राज चुनाव 2026 के दौरान सरवाड़ थाना क्षेत्र के लल्लाई में मतदान केंद्र पर जबरन प्रवेश कर पुलिस व मतदान दल के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट व तोड़फोड़ करने एवं अजगरा में चुनावी मतगणना को लेकर विरोध जताते हुए अजमेर-केकड़ी-कोटा राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुलिस एवं प्रशासन द्वारा नियमों का पालन करते हुए चुनाव करवाए गए। इसके बावजूद अजगरा व लल्लाई में कुछ लोगों द्वारा शांति व्यवस्था को भंग करते हुए एवं कानून को अपने हाथ में लेते हुए आपराधिक कृत्य किए गए है। जिसमे रोड जाम करना, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने जैसी घटनाएं हुई है। इस संंबंध में सरवाड़ थाने में दो प्रकरण दर्ज किए गए है। दोनों मामलों में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

लल्लाई में मतदान केंद्र में घुसने का आरोप: प्रथम एफआईआर के अनुसार पंचायत चुनाव के लिए लल्लाई स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केन्द्र के रिटर्निंग ऑफिसर राजेन्द्र चौधरी ने सरवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। निर्वाचन अधिकारी और मतदान दल के कर्मचारी अंदर शेष सरकारी कार्य कर रहे थे, जबकि पुलिसकर्मी मुख्य गेट पर तैनात थे। इस दौरान सरपंच चुनाव में पराजित प्रत्याशी रामअवतार धाकड़, उसके गणन अभिकर्ता रामनारायण कुम्हार और सांवरलाल जाट सहित करीब 250 से 300 लोग वहां पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मतदान केंद्र में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने मतदान दल के साथ मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़, पथराव और मतदान सामग्री व मतपेटियों को छीनने का प्रयास भी किया। इस मामले में पुलिस ने रामअवतार धाकड़, रामनारायण कुम्हार व सांवरलाल जाट सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 190, 191(2), 121(1), 132, 127(2), 3 तथा P.D.P.P. Act की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

अजगरा में राजमार्ग पर लगाया जाम: दूसरी एफआईआर के अनुसार सरवाड़ थाने के एएसआई रंगलाल गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 24 अक्टूबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अजगरा मतदान केन्द्र पर 10-15 लोग हंगामा कर रहे थे और मतगणना नहीं होने देने के नारे लगा रहे थे। पुलिस के समझाने के बाद उक्त लोग अजगरा चौराहे पर पहुंच गए और अजमेर से केकड़ी-कोटा जाने वाले राजमार्ग को बाधित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया गया, लेकिन लोगों ने दोबारा राजमार्ग पर खड़े होकर आवागमन रोक दिया। करीब एक घंटे तक राजमार्ग बाधित रहने से आमजन को परेशानी हुई और आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुईं। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद राजमार्ग खुलवाया गया। इस मामले में पुलिस ने अजगरा निवासी सत्यनारायण माली, आनंद माली, अर्जुन पुत्र सत्यनारायण माली, मुरारी माली, रामरतन गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, मुरली प्रजापत, अजय सैनी एवं हेमराज धाकड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 189(2) और 285 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।