केकड़ी, 12 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): टोंक जिले के देवली शहर में मुख्य बाजार स्थित स्टेट बैंक चौराहे के पास केकड़ी निवासी एक युवक के साथ मारपीट और चाकू से हमला किए जाने की आशंका का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक को उपचार के लिए देवली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सीने पर करीब दो से तीन इंच लंबा कट का निशान मिला। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है। देवली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान रोहित साहू पुत्र बिरधीचंद निवासी अजमेरी गेट केकड़ी के रूप में हुई है।

कार में आए तीन-चार युवक: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर तीन युवक बैठे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर तीन-चार अन्य युवक वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए जाने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने संघर्ष के दौरान चाकू दिखाई देने की बात भी कही है। हालांकि घायल रोहित ने चाकू से हमला किए जाने की बात से इनकार करते हुए बाइक से गिरने की बात कही है। ऐसे में घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

जांच में जुटी पुलिस: सीसीटीवी फुटेज और घायल के सीने पर मिले कट के निशान के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर देवली डीएसपी मदनलाल ढाका एवं एएसआई अब्दुल वहाब सहित पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे तथा घायल युवक से घटना की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल करते हुए संदिग्ध युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है।













