Wednesday, November 25, 2026
Home क्राइम न्यूज बेरहम पुत्र ने माता पिता पर किया धारदार हथियार से हमला, गंभीर...

बेरहम पुत्र ने माता पिता पर किया धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में दोनों अजमेर रेफर

केकड़ी (आदित्य न्यूज़ नेटवर्क) यहां काजीपुरा मोहल्ले में एक युवक ने बेरहमी की सभी हदें पार करते हुए माता पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पड़ोस के लोगों की मदद से उन्हें राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अजमेर रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात्रि को काजीपुरा निवासी दुर्गालाल तेली व उसकी पत्नी संतरा देवी अपने घर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान घर आए उनके पुत्र नारायण तेली ने रुपए की मांग करते हुए हल्ला मचाना शुरू कर दिया। माता-पिता द्वारा रुपए देने से मना करने पर गुस्साए नारायण ने धारदार हथियार से माता-पिता पर हमला बोल दिया। वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान मौके पर जबरदस्त चीख-पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए। पड़ोसियों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर भाग छूटा। वहां जमा लोगों ने दुर्गालाल तेली व संतरा देवी को राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अजमेर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि चिकित्साकर्मियों ने केकड़ी शहर थाना पुलिस को घटना के बारे में अवगत कराने के लिए फोन किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। इसके बाद चिकित्साकर्मियों ने सदर थाना पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए केकड़ी शहर थाना पुलिस को सूचना देने की बात कही है। हालांकि दोनों को रेफर किए जाने तक केकड़ी शहर थाना पुलिस का कोई नुमाइंदा अस्पताल नहीं पहुंचा है।