Monday, November 23, 2026
Home शिक्षा ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में 22 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने लिया...

‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में 22 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने लिया भाग, दो टीमें प्रांतीय स्तर के लिए चयनित

केकड़ी: भारत को जानो प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में विजेता रही बालिका विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित करते अतिथि।

केकड़ी, 10 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद की ओर से शनिवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शहर एवं आसपास के 22 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने भाग लेकर भारतीय इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और राष्ट्रीय गौरव से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विकास अधिकारी आनंद कुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि शांति वल्लभ द्विवेदी, प्रांतीय कार्यकारी सदस्य सर्वेश विजयवर्गीय, संस्कार संयोजक आभा बेली तथा शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगीत का गायन हुआ।

दो वर्गों में आयोजित हुई प्रतियोगिता: शाखा सचिव रामनिवास जैन ने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा के बाद चयनित विद्यार्थियों के बीच ऑडियो-विजुअल एवं रैपिड फायर राउंड के माध्यम से मुकाबला हुआ। परिणामों में वरिष्ठ वर्ग में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी ने प्रथम तथा चारभुजा महात्मा गांधी विद्यालय केकड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में पटेल आदर्श विद्या निकेतन केकड़ी ने प्रथम तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी व भराई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को अतिथियों ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

केकड़ी: भारत को जानो प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में विजेता रही पटेल विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित करते अतिथि।

18 अक्टूबर को शाहपुरा में प्रांतीय प्रतियोगिता: प्रकल्प प्रभारी हरिनारायण बिदा ने बताया कि वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी की छात्राएं दिव्यांशी आछेरा एवं अदिति आछेरा तथा कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पटेल आदर्श विद्या निकेतन केकड़ी की छात्राएं ज्योति बैरवा एवं रानू जांगिड़ 18 अक्टूबर को शाहपुरा में आयोजित प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिता में केकड़ी शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।

ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में गोपाल लाल वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश चंद्र जैन, मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव, वरिष्ठ सदस्य महावीर पारीक, कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया, सुभाष चंद्र भाल, रामधन प्रजापत, ब्रजराज शर्मा, भगवान माहेश्वरी, जगदीश पारीक, अशोक लुहार एवं विकास जैन उपस्थित रहे। मातृशक्ति महिला मंडल की महिला संयोजक अंजू विजय, संगीता विजय एवं राधा विजय ने भी सहभागिता निभाई।