केकड़ी, 20 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन मंगलवार को विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिनभर चले कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास, श्रमदान, निबंध प्रतियोगिता और सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया। वहीं, विजयदशमी के अवसर पर महाविद्यालय में पारंपरिक शस्त्र पूजन भी किया गया। शिविर के प्रथम सत्र का शुभारंभ योगाभ्यास से हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली में योग के महत्व से अवगत कराया गया।

श्रमदान कर परिसर की सफाई: द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए महाविद्यालय परिसर की सफाई की। इस दौरान पुरानी रद्दी एवं कागज के कचरे का सुरक्षित निस्तारण किया गया और पूरे प्रांगण को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया गया। इस गतिविधि के माध्यम से स्वच्छता एवं श्रम के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। ‘राजस्थान के गौरव’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता: तृतीय सत्र में स्वयंसेवकों की बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘राजस्थान के गौरव’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राजस्थान की गौरवशाली परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।

सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक: चतुर्थ सत्र में स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सावधानी बरतने तथा सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा नियमों पर आधारित मार्गदर्शिका पुस्तकों का वितरण भी किया गया। दशहरा पर किया शस्त्र पूजन: विजयदशमी के पावन अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पारंपरिक शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस मौके पर शिविर प्रभारी डॉ. आनंद पाराशर, हर्षित सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी स्वयंसेवक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।













