केकड़ी, 26 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर रोड स्थित लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय की छात्रा प्रियंका जांगिड़ ने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता की महिला टीम में स्थान बनाया है। प्रियंका का चयन महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर की महिला कबड्डी टीम में हुआ है। वह यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई में आयोजित होने वाली वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रबंधन समिति ने दी बधाई: प्रियंका की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय प्रबंधन समिति, प्राचार्य एवं खेल प्रभारी ने छात्रा को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका अपनी प्रतिभा और खेल कौशल के दम पर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।













