
केकड़ी, 27 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की नई सियासी तस्वीर साफ हो गई। भाजपा ने विधायक शत्रुघ्न गौतम की रणनीति के अनुसार अपने आठ सदस्यों के संख्याबल को मतदान में भी साबित करते हुए प्रधान पद पर कब्जा जमा लिया। भाजपा प्रत्याशी प्रकाश कंवर ने कांग्रेस की शांतिदेवी कुमावत को एक मत से शिकस्त देकर प्रधान की कुर्सी हासिल की। प्रकाश कंवर को 8 तथा शांतिदेवी कुमावत को 7 मत मिले। हालांकि चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में रहा, लेकिन मतदान के बाद प्रधान पद की दावेदार रहीं भाजपा सदस्य यामिनी चौहान के घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। पार्टी प्रत्याशी के चयन से असंतुष्ट नजर आ रहीं यामिनी मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की घेराबंदी से निकलकर अपने समर्थकों के साथ रवाना हो गईं। इस घटनाक्रम ने प्रधान पद के चुनाव की सरगर्मी को और बढ़ा दिया।

विधायक गौतम के नेतृत्व और रणनीति की परीक्षा में भाजपा सफल: केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने राजनीतिक कौशल और चुनावी प्रबंधन के दम पर भाजपा को मजबूत स्थिति में बनाए रखा। केकड़ी पंचायत समिति के 15 वार्डों में भाजपा ने 8 और कांग्रेस ने 7 सीटें हासिल की थीं। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में भाजपा के सामने अपने आठों सदस्यों की एकजुटता बनाए रखने की चुनौती थी। एक भी सदस्य के पाला बदलने पर सत्ता का समीकरण बदल सकता था। चुनाव से पहले सदस्यों के बीच तालमेल बैठाने, राजनीतिक समीकरण साधने और मतदान के दिन सभी सदस्यों को एकजुट रखने की रणनीति के चलते भाजपा अपना पूरा संख्याबल बरकरार रखने में सफल रही। विधायक गौतम के नेतृत्व में भाजपा ने प्रधान पद पर जीत दर्ज कर पंचायत समिति की सत्ता हासिल की। बेहद मामूली बहुमत के बावजूद पार्टी की यह जीत केकड़ी में विधायक गौतम के राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक पकड़ को मजबूत करने वाली मानी जा रही है।

भाजपा ने संख्याबल के अनुरूप हासिल की जीत: पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 7 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इस तरह चुनाव से पहले ही भाजपा को एक सदस्य की बढ़त हासिल थी। भाजपा ने वार्ड संख्या 3 से निर्विरोध निर्वाचित प्रकाश कंवर को प्रधान पद का अधिकृत प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने वार्ड संख्या 7 से निर्वाचित शांतिदेवी कुमावत पर दांव खेला। दोनों दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ था। भाजपा ने अपने आठों सदस्यों का समर्थन हासिल कर जीत दर्ज की और कांग्रेस की प्रधान पद पर कब्जा जमाने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

विधायक शत्रुघ्न गौतम आठों सदस्यों को लेकर पहुंचे मतदान केंद्र: प्रधान पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार को पंचायत समिति कार्यालय में संपन्न हुई। निर्वाचन पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। शुरुआत में भाजपा एवं कांग्रेस के दो-दो नवनिर्वाचित सदस्यों को पद की शपथ दिलाई गई तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद दोनों दलों की ओर से प्रधान पद के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान प्रक्रिया के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम भाजपा के सभी आठ सदस्यों को एक साथ लेकर पंचायत समिति पहुंचे।


पद एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ: भाजपा के बाद कांग्रेस के सभी सात सदस्य एक साथ मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान से पूर्व शपथ लेने से वंचित शेष सदस्यों को भी पद की शपथ दिलाई गई और उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद सभी सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के तत्काल बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। भाजपा प्रत्याशी प्रकाश कंवर ने 8 मत हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी शांतिदेवी कुमावत को एक मत से पराजित किया। निर्वाचन पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने प्रकाश कंवर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।

निजी वाहन से रवाना हुईं यामिनी चौहान: प्रधान पद की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायत समिति परिसर में उस समय अचानक गहमागहमी बढ़ गई, जब भाजपा के आठों सदस्य बाहर निकले। वार्ड संख्या 1 से निर्वाचित यामिनी चौहान भाजपा कार्यकर्ताओं की घेराबंदी से निकलकर अपने निजी वाहन की ओर रवाना हो गईं। भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उनके समर्थक, परिवारजन और ग्रामीण उन्हें कार में बैठाकर वहां से ले गए। इस दौरान काफी हो-हल्ला हुआ और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग भी सकते में आ गए। उल्लेखनीय है कि यामिनी चौहान भी प्रधान पद की दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन भाजपा ने प्रकाश कंवर को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। प्रत्याशी चयन के बाद से ही यामिनी की नाराजगी को लेकर चर्चाएं थीं। चुनाव प्रक्रिया के बाद उनके इस तरह रवाना होने से भाजपा के आंतरिक सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

कांग्रेस की उम्मीदों पर फिरा पानी: प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने शांतिदेवी कुमावत को प्रत्याशी बनाकर भाजपा को चुनौती देने का प्रयास किया था। पंचायत समिति में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 7 सदस्य होने के कारण कांग्रेस के सामने बहुमत के समीकरण को पलटने की चुनौती थी। एक मत से मिली हार ने कांग्रेस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया इस तरह पंचायत समिति की सत्ता पर भाजपा ने अपना नियंत्रण कायम रखा।


अब उपप्रधान पद के चुनाव पर टिकी निगाहें: प्रधान पद का चुनाव संपन्न होने के बाद अब शनिवार 28 नवंबर को होने वाले उपप्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रधान पद पर जीत के बाद भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, लेकिन यामिनी चौहान के घटनाक्रम ने पार्टी की आंतरिक एकजुटता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में उपप्रधान पद के चुनाव में भाजपा के सदस्यों की एकजुटता और पार्टी की रणनीति पर सबकी निगाहें रहेंगी। अब देखना होगा कि भाजपा प्रधान पद के बाद उपप्रधान की कुर्सी पर भी अपना कब्जा जमाने में सफल रहती है या नहीं।

प्रशासन रहा मुस्तैद: प्रधान चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पंचायत समिति परिसर में मतदान प्रक्रिया के दौरान अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक रही। शहर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी, सदर थानाधिकारी मुकेश गौरा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। तहसीलदार सत्यनारायण लोहार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग किया।

निर्विरोध चुनाव से प्रधान पद तक का सफर: प्रकाश कंवर ने पंचायत समिति चुनाव में वार्ड संख्या 3 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध जीत दर्ज कर पंचायत समिति में प्रवेश किया था। वार्ड से किसी अन्य प्रत्याशी के चुनाव मैदान में नहीं उतरने के कारण उनकी सदस्यता निर्विरोध तय हो गई थी। इसके बाद प्रधान पद के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शांतिदेवी कुमावत को 8-7 के अंतर से शिकस्त देकर पंचायत समिति के सर्वोच्च पद पर कब्जा जमाया। प्रकाश कंवर की इस राजनीतिक सफलता के पीछे उनके परिवार की राजनीतिक सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण भी चर्चा में है। उनके पुत्र देवव्रत सिंह राठौड़ भाजपा युवा मोर्चा के जिला देहात महामंत्री हैं और पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी गतिविधियों, चुनाव प्रचार और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता रही है। समर्थकों के अनुसार, देवव्रत सिंह की संगठन के प्रति निष्ठा और क्षेत्र में सक्रियता ने परिवार की राजनीतिक पहचान को मजबूती दी है। ऐसे में प्रकाश कंवर का निर्विरोध पंचायत समिति सदस्य चुने जाने से लेकर प्रधान पद तक पहुंचना परिवार के लिए भी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि बन गया है।












