Friday, November 27, 2026
Home शिक्षा स्वागतमंजलि-2026 में झलका उत्साह, राधिका बनीं मिस फ्रेशर और नैतिक बने मिस्टर...

स्वागतमंजलि-2026 में झलका उत्साह, राधिका बनीं मिस फ्रेशर और नैतिक बने मिस्टर फ्रेशर

केकड़ी: लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में मिस फ्रेशर राधिका व मिस्टर फ्रेशर नैतिक।

केकड़ी, 27 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर रोड स्थित लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में शुक्रवार को तीन दिवसीय आयोजन ‘स्वागतमंजलि-2026’ के तहत भव्य स्वागत एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया, वहीं महाविद्यालय से शिक्षा पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। मुख्य अतिथि रोहित एवं दुर्गा लाल कुमावत के विशिष्ट आतिथ्य तथा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ज्ञानचन्द जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर उमंग और उल्लास से सराबोर नजर आया।

उत्कृष्ट विद्यार्थी सम्मानित, राजस्थानी संस्कृति की बिखेरी छटा: समारोह में तीन दिवसीय आयोजन के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सत्र 2025-26 में बीए एवं बीएससी कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉपर रहे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोकगीतों, पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की कला एवं परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी।

केकड़ी: लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में स्वागतमंजलि-2026 के दौरान मौजूद विद्यार्थी।

विद्यार्थियों में नजर आया उत्साह: कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को परखने के लिए मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर राधिका सोनी को मिस फ्रेशर तथा नैतिक कुमावत को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। विजेताओं की घोषणा होते ही विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा शिक्षा पूर्ण कर विदा हो रहे विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन पूरण मल वर्मा एवं शंकर मेघवंशी ने किया।