केकड़ी, 22 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पारीक समाज विकास समिति के तत्वावधान में 25 अक्टूबर को महर्षि पराशर जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। समिति अध्यक्ष महेंद्र पारीक ने बताया कि सुबह 10:30 बजे राजपुरा रोड स्थित पारीक संस्थान से घोड़ी-बग्गी, ढोल-बैंड और ध्वजाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा घंटाघर, खिड़की गेट, बड़ा पिपलेश्वर व तीन बत्ती होते हुए पुनः पारीक संस्थान पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा।

खेलकूद प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन: शोभायात्रा के बाद पंडित रामचरण शास्त्री के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महर्षि पराशर की महाआरती होगी। दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। अंत में सामूहिक महाप्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समिति ने समाजबंधुओं से आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है।













